धमतरी/ नगर निगम धमतरी में स्पीकर के पद पर कौशिल्या देवांगन का नाम घोषित किया। इस पद की रेस में जितने भी बड़े चेहरे थे, भाजपा ने सबको दरकिनार कर यह निर्णय लिया। सोरिद वार्ड क्रमांक 35 से पहली बार पार्षद चुनकर आई कौशल्या देवांगन धमतरी नगर निगम की तीसरी स्पीकर होंगी।
6 मार्च को धमतरी नगर निगम में सभापति का चुनाव के लिए घोषित किया गया। सुबह से ही गहमा गहमी का माहौल था। कांग्रेस ने एक दिन पूर्व पूर्णिमा रजक को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था। जिसे देखते हुए भाजपा ने रातों-रात अपना निर्णय बदलकर महिला प्रत्याशी सोरिद वार्ड से पार्षद कौशल्या देवांगन को सभापति प्रत्याशी घोषित किया। जिनके प्रस्तावक और समर्थक तल्लीन पुरी गोस्वामी और नरेंद्र रोहरा बने। निगम के पास अस्थाई कार्यालय बनाया गया है जहां पर रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू पर्यवेक्षक के रूप में धमतरी पहुंचे और सभी के बीच में उन्होंने घोषणा की। उन्होंने बताया कि भाजपा की नीति रही है कि एक सामान्य कार्यकर्ता को भी मौका मिलता है। रामू रोहरा ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व का निर्णय शिरोधार्य है। उन्होंने कहा सिर्फ निर्दलीयों का बल्कि कांग्रेस का भी वोट उन्हें मिलेगा।
मूलतः बटनारा की रहने वाली कौशिल्या देवांगन का परिवार भाजपा से जुड़ा हुआ है। 2015 में वह शादी होकर धमतरी पहुंची। इंद्रेश देवांगन पति प्राइवेट जॉब करते हैं। 13 नवंबर 1992 को जन्मी कौशिल्या इस बार पहली बार ही सोरिद वार्ड से कांग्रेस के डिंपल सिन्हा को 348 वोट से हराकर नगर निगम पार्षद बनी और उन्हें यह महत्वपूर्ण पद दिया जा रहा है। अब कुछ घंटे में चुनाव के बाद औपचारिक रूप से स्पीकर के लिए घोषणा कर दी जाएगी। बता दें कि धमतरी नगर निगम में 27 भाजपा से, आठ कांग्रेस से और पांच निर्दलीय हैं।