धमतरी/ रुद्री मेला से ठेला के साथ वापस लौट रहे मामा भांजा को दुलारी नगर के पास तेज रफ्तार बाइक ने ठोकर मार दी जिसमें भांजे की मौत हो गई। अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार जोधापुर निवासी संतोष कुमार सिन्हा 12 फरवरी को रुद्री मेला में बर्फ का ठेला लगाया हुआ था। उसके साथ उसका भांजा देवरी थाना कुरूद निवासी यशवंत सिन्हा 16 वर्ष मेला देखने आया था। रात को दोनों ठेला के साथ वापस लौट रहे थे। तभी लगभग 9:30 बजे दुलारी नगर गली नंबर 3 के पास तेज रफ्तार बाइक सीजी 05 एक्यू 1630 ने ठोकर मार दी।
संतोष सिन्हा ने बताया कि ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि उसका भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से स्थिति गंभीर होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात 11:40 बजे मौत हो गई। बताया गया कि हादसे में बाइक सवार रोहित साहू और विक्रम देवदास दोनों पंचवटी कॉलोनी निवासी भी घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया था। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद यशवंत का शव परिजनों को सौंप दिया गया।