क्षेत्र में दो माह में यह दूसरी घटना से इलाके में फैली सनसनी
मगरलोड/ मगरलोड क्षेत्र में जंगली जानवरों की शिकार की घटना लगातार बढ़ते जा रही है। तेंदुए ने सड़क किनारे सोए आदिवासी ग्रामीण को उठाकर ढाई सौ मीटर दूर झाड़ी में ले जाकर शिकार किया। जिससे ग्रामीण की मौके में मौत हो गई है।
2 फरवरी की सुबह ग्रामीणों ने उत्तर सिंगपुर मोहंदी वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पठार के आश्रित ग्राम बेंद्राचुवा के छपरानाला के पास एक ग्रामीण की क्षत विक्षत लाश देखी। ग्रामीणों ने इनकी सूचना वन विभाग को दी। जानकारी मिलते ही एसडीओ मनोज विश्वकर्मा, रेंजर पंच राम साहू, डिप्टी रेंजर मुकुंद राव वाहनें सहित वन विभाग का आमला पहुंचा। वन विभाग ने शव की स्थिति को देख बताया कि ग्रामीण का शिकार तेंदुआ ने किया है।
वन विभाग से मिली जानकारी अनुसार ग्राम सोनहरिन दैहान निवासी मनराखन गोड़ पिता झगरू गोड़ उम्र 55 वर्ष जो एक फरवरी शनिवार की रात्रि बेंद्रवुचा किसी काम से गया हुआ था। रात्रि में सड़क किनारे सो गया था। घटना स्थल से मिले निशान से यह पता चलता है कि तेंदुए ने अधेड़ को सड़क से घसीटते हुए ढाई सौ मीटर दूर झाड़ी में ले जाकर शिकार किया है। तेंदुआ ने मृतक के दाहिने जांघ तथा कान, गला, हाथ के पंजा का शिकार किया है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैली गई है। वन विभाग ने विभागीय कार्यवाही कराकर शव का पीएम के लिए भेज दिया गया है। वन विभाग सहायता के तहत मृतक के परिजनों को 25000 हजार रूपये तात्कालिक सहायता राशि दी है।
दो माह के भीतर दूसरी घटना …
मगरलोड क्षेत्र के अधिकांश गांव वनों से घिरा हुआ है। जंगली जानवर भोजन पानी की तलाश में भटकते हुए गांव की ओर आ रहे है। 5 दिसंबर 2024 को तेंदुए ने मडेली कमार पारा की महिला को अपना शिकार बनाया था। क्षेत्र के लोग इस घटना से अपने आप को जंगली जानवरों से असुरक्षित महसूस कर रहे है।