मगरलोड: नगर पंचायत मगरलोड की पूर्व अध्यक्ष नीतू खिलावन साहू ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी पर भेदभाव और लेनदेन के आरोप लगाए हैं। नीतू साहू 2019 से 2024 तक नगर पंचायत अध्यक्ष रहीं और इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में कई विकास कार्य किए।
उन्होंने आरोप लगाया कि षड्यंत्रपूर्वक उनका टिकट काट दिया गया, जबकि कार्यकर्ताओं और जनता को पहले से यही जानकारी थी कि उन्हें पुनः अध्यक्ष पद का टिकट मिलेगा। उनका कहना है कि उन्होंने पूरी निष्ठा से जनसेवा की, अपनी निधि से विकास कार्यों में योगदान दिया, लेकिन पार्टी के अंदर कुछ लोगों के स्वार्थ और लेनदेन की राजनीति के कारण उनके साथ अन्याय हुआ।
उन्होंने कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शरद लोहान को अपना लिखित इस्तीफा भेज दिया है। नीतू साहू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में ईमानदार और मेहनतकश कार्यकर्ताओं को साजिश के तहत बाहर कर दिया जाता है, इसलिए अब वह पार्टी छोड़कर स्वतंत्र रूप से जनसेवा करेंगी।
उनके इस्तीफे के बाद समर्थकों में नाराजगी देखी जा रही है। मगरलोड में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है और आने वाले दिनों में वे क्या नया राजनीतिक कदम उठाएंगी, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।